मतगणना स्थल पर भीड़ को खदेड़ा, जिलाधिकारी एसएसपी ने किया दौरा
मुरादाबाद
मतगणना स्थल पर कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह देर से मतगणना शुरू हो सकी। कुछ स्थानों पर दस बजे तक मतगणना का शुभारंभ भी नहीं हो सका। कोविड प्रोटोकॉल के चलते टेस्ट होने लगे। कुछ स्ट्रांग रूम देर से खुले। इससे काफी वक्त लगता रहा। जिलाधिकारी और एसएसपी ने मतगणना स्थलों पर पहुंच कर दौरा किया। टीम को निर्देश दिया कि सुरक्षा और कोविड प्रोटोकॉल में किसी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए।
जिले के आठ ब्लाकों में अलग अलग स्थानों पर मतगणना हुई। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने मुरादाबाद सदर ब्लाक के महाराजा अग्रसेन इंटर कालेज में पहुंच कर इंतजाम देखे। अफसरों से कहा कि अनावश्यक भीड़ न जमा होने दें। पुलिस ने कई बार आसपास खड़ी भीड़ को खदेड़ा। यहां एसडीएम प्रशांत तिवारी मौजूद रहे। इसके बाद जिलाधिकारी ने मतगणना कक्षों में पहुंच कर स्थितियों का जायजा लिया। कांठ के ऋषि बाल विद्या महाविद्यालय में डिप्टी कलेक्टर जगमोहन और विभा श्रीवास्तव से जानकारी ली। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने सभी पुलिस अफसरों से सतर्कता से ड्यूटी करने को कहा। कुंदरकी और बिलारी में एसडीएम प्रबुद्ध सिंह ने व्यवस्था संभाली, भगतपुर टांडा की मतगणना नेशनल पब्लिक स्कूल में की गई यहां भी जिलाधिकारी पहुचे। सभी आठ ब्लाकों में जिलाधिकारी और एसएसपी ने दौरा किया। डीएम ने कहा कि किसी ब्लाक में किसी तरह की गड़बड़ी और ढिलाई की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। ड्यूटी पर तैनात अफसरों को उन्होंने हिदायत दी। ठाकुरद्वारा में एसडीएम परमानंद ने व्यवस्था संभाली।
