20 हजार का इनामी बदमाश थत्यूड़ से गिरफ्तार

नई टिहरी। एनडीपीएस के एक मामले में वांछित चल रहे 20 हजार के इनामी बदमाश को टिहरी पुलिस ने मशक्कत के बाद गिरफ्तार किया है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पत्रकारों को ब्रीफ करते हुए कार्यालय में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डीजीपी के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ का कार्य तेजी से किया जा रहा है। जिस क्रम में थत्यूड़ थाने के तहत एनडीपीएस ऐक्ट के मामले में आठ माह से फरार चल रहे वांछित 20 हजार के इनामी बदमाश थाना थत्यूड़ के ग्राम खट्ट निवासी बलदेव सिंह पुत्र मान सिंह को पुलिस ने डिग्री कालेज चौराहा थत्यूड़ के पास से गिरफ्तार किया है। बीती अप्रैल, 2022 में आरोपी खट्ट में अफीम की खेती कर रहा था। आरोपी की लगभग सवा तीन लाख अफीम के खेती को नष्ट किया गया, लेकिन आरोपी उसी दौरान फरार हो गया और लगातार फरार चल रहा था। जिस पर पुलिस ने 20 हजार का इनाम भी रखा।
आरोपी को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने गहन पड़ताल व पुछताछ के बाद आरोपी को बीती शाम को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बताया कि लालच के चक्कर में अफीम की खेती पहली बार की। पुलिस से बचने के लिए इधर-उधर रिश्तेदारों के घरों में छुप रहा था। आरोपी को पकड़ने में एसआई मनीष कुमार, एसआई राहुल थापा, एसआई बलबीर सिंह सहित सुर्यप्रताप, चेतन सिंह और नरेश तोमर की भूमिका अहम रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *