भाजपा सरकार और क्षेत्रीय विधायक पर लगाया अनदेखी का आरोप

ऋषिकेश। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव सिंह ने डोईवाला विधायक और भाजपा सरकार पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया है। कहा कि क्षेत्र में तमाम समस्याएं व्याप्त हैं, लेकिन इनका निदान करने की कोशिश नहीं की जा रही है। मंगलवार को डोईवाला स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता हुई। इसमें कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव सिंह ने कहा कि डोईवाला के विधायक सिर्फ निजी कार्यक्रमों पर ही ध्यान दे रहे हैं और क्षेत्र की जनता की समस्याओं का कोई निदान नहीं हो रहा है। पिछले एक वर्ष से क्षेत्र में कोई विकास नहीं हुआ है। अब जौलीग्रांट एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को लेकर टिहरी विस्थापितों को दोबारा से हटाने की बात चल रही है। नकरौंदा में भी आबादी क्षेत्र में जबरन एसटीपी प्लांट बनाने की कोशिश की जा रही है। क्षेत्र में बहने वाली सुसवा नदी भी प्रदूषित हो चुकी है। इन सभी मुद्दों पर क्षेत्रीय विधायक चुप्पी साधे हुए हैं। पूर्व में क्षेत्र के लिए कई विकास कार्य स्वीकृत हैं, जैसे डोईवाला विधानसभा में कैंसर अस्पताल खोलने की घोषणा, बुल्लावाला में पुल निर्माण की वित्तीय स्वीकृति, कालू वाला से नकरौंदा पुल की घोषणा और वित्तीय स्वीकृति, लॉ कॉलेज की घोषणा, कोस्ट गार्ड ट्रेनिंग सेंटर बनाने का शिलान्यास, बालावाला में स्टेडियम की घोषणा, बालावाला में कॉलेज की घोषणा, डोईवाला में बस अड्डे की घोषणा आदि । लेकिन इनको लेकर धरातल पर कोई काम नहीं हो रहा है। इसके अलावा दूधली मोथरोवाला मार्ग का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है l डोईवाला में श्मशान घाट अब तक नहीं बन पाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *