धुमाकोट में लगा बहुद्देशीय शिविर, 47 शिकायतें मिली

पौड़ी। जिले की धुमाकोट तहसील में बुधवार को बहुद्देशीय शिविर लगाया गया। शिविर में लैंसडौंन के विधायक दलीप सिंह रावत और डीएम पौड़ी ने लोगों की समस्याएं सुनीं और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील लोगों से की। शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने स्टाल लगाएं। शिविर में कुल 47 शिकायत मिली जिसमें से 17 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अधिकतर शिकायतें लोनिवि, पेयजल, वन विभाग, राजस्व, ग्रामीण विकास, बाल विकास, समाज कल्याण, पंचायती राज से संबंधित आई। लोगों ने अपोला ओर धोरी गांव में पेयजल की समस्या, ग्राम धोला में लोनिवि की सड़क निर्माण, पलासी गांव में किसान सम्मान निधि और पेंशन से संबंधित शिकायतें, डंडधार में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कुछ स्थानों पर पेयजल की लाइन खुली बिछाई जाने के साथ पेंशन, आंगनबाड़ी, टीएचआर तथा स्वास्थ्य समस्याओं के हल की गुहार लगाई गई। डीएम ने जमणधार में आवारा पशु छोड़े जाने के को बीडीओ को संबंधित लोगों पर कार्रवाई करने और ग्राम सभा की खुली बैठक करवाते हुए कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।
शिविर में लैंसडौंन विधायक दलीप सिंह ने कहा कि लोगों की छोटी-छोटी समस्याओं को स्थानीय स्तर पर ही निस्तारित किया जाए। ग्राम पंचायतों में नियमानुसार ग्राम सभा की बैठक होनी चाहिए। पेयजल से संबंधित अधिकतर समस्याएं सामने आ रही हैं, इसलिए अधिकारी इनको दूर करने के लिए समुचित कदम उठाएं। विधायक ने कहा कि लोगों को योजनाओं से की जानकारी और उनका लाभ कैसे लेना है इसका सही से पता नहीं होता है लिहाजा उन्हें ये भी बताया जाए। डीएम डॉ आशीष चौहान ने शिविर का मकसद यह है कि लोगों की समस्याएं मौके पर ही हल हो जाए और इनके लिए उन्हें मुख्यालय तक के चक्कर न काटने पडे़। अफसरों को निर्देश दिए गए कि जो भी जन समस्याएं लोगों के जरिए मिली है उनका समय से निस्तारण करे। ब्लाक प्रमुख नैनीडांडा विकासखंड प्रशांत कुमार ने समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।
इस दौरान विधायक व डीएम ने जीआईसी हल्दुखाता के छात्राओं बनाए गए विज्ञान मॉडल की प्रदर्शनी भी देखी। शिविर में समाज कल्याण, स्वास्थ्य , पेयजल, जल संस्थान, बाल विकास, मत्स्य, राजस्व , वन , कृषि, उद्यान सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टाल लगाते हुए योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर कृषि यंत्र वितरण सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा दवाइयां वितरण, समाज कल्याण द्वारा पेंशन, पशुपालन विभाग द्वारा गोवंशों को दवाई वितरण, बाल विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरण, पूर्ति विभाग द्वारा राशन कार्ड बनाने सहित अन्य विभागों द्वारा भी अपनी विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में ज्येष्ठ उप प्रमुख नैनीडांडा ललित सिंह, एसडीएम धुमाकोट स्मृता परमार,डीडीओ पुष्पेंद्र सिंह चौहान सहित जिला स्तरीय अफसर व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *