डीएम ने आशा और एएनएम का वेतन रोका

पौड़ी। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में अभी भी लोगों तक मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंच पाई हैं। दूरस्थ ब्लाकों के दूरस्थ गांवों में आज भी लोग प्रशासन से पानी, मोबाइल नेटवर्क, स्कूल बनाने, पेंशन लगाने की गुहार लगा रहे हैं। यह समस्याएं खुद ग्रामीणों ने डीएम को रात्रि चौपाल में बताई। बीते मंगलवार को डीएम पौड़ी डा. आशीष चौहान ने थलीसैंण के जल्लू गांव में रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। इस दौरान डीएम ने लापरवाही बरतने पर एक आशा कार्यकत्री और एएनएम का स्पष्टीकरण तलब करते हुए उनके वेतन पर रोक लगाने के आदेश दिए। बीते मंगलवार को डीएम डा.आशीष चौहान ने जिले के दूरस्थ ब्लाक थलीसैंण के जल्लू ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल लगाई। इस दौरान यहां स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खुल गई। रात्रि चौपाल में पता चला कि गांव की एक महिला जो कि पहली बार गर्भवती हुई है और उनको 3 महीने बाद भी टीकाकरण की सुविधा और स्वास्थ्य जांच नहीं करवाई गई है। जिस पर डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरो को फटकार लगाते हुए संबंधित आशा कार्यकत्री और एएनएम का स्पष्टीकरण तलब करते हुए दोनों का वेतन रोकने के आदेश दिए। डीएम ने पटवारी को आंगनवाड़ी केंद्र पर गर्भवती महिलाओं और बच्चों को नियमानुसार स्वास्थ्य जांच, काउंसलिंग और टीएचआर मुहैया कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान ग्रामीणों ने सड़क सुधारीकरण, पेयजल, सिंचाई सुविधा के लिए टंकी और टैंक निर्माण, पड़ोसी ग्राम पंचायत कपरौली के साथ वन विभाग से संबंधित स्थानीय लोगों को प्राप्त होने वाले परंपरागत हक-हकूक से संबंधित विवाद सुलझाने की मांग की। ग्रामीणों ने गांव के ही प्राथमिक स्कूल में बिजली का कनेक्शन लगाने और विद्यालय के भवन का पुनर्निर्माण करवाने, पेंशन सहित क्षेत्र में मोबाइल टावर लगवाने आदि समस्याएं डीएम को बतायी। जिस पर डीएम ने जल्द ही समस्याओं को निपटाने के निर्देश अफसरो को दिए। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी रोशन लाल, तहसीलदार थलीसैंण आनंदपाल, एबीडीओ धनपाल सिंह नेगी, उपनिरीक्षक पुलिस संजीव ममगांई, ग्राम प्रधान अमर सिंह नेगी आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *