गोवर्धनपुर गांव के 83 सैंपल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव

रुडकी

कोरोना का हॉटस्पॉट बने गोवर्धनपुर गांव के लिए बुधवार का दिन अच्छा साबित हुआ। गांव के बालिका छात्रावास की 19 छात्राओं के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद पहले दिन लिए गए 83 सैंपल की जांच रिपोर्ट बुधवार को नेगेटिव आ गई। इसके बाद लिए गए करीब तीन सौ सैंपल की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। 9 अप्रैल में खानपुर सीएचसी की टीम ने गोवर्धनपुर केजीबीवी हॉस्टल की 26 छात्राओं व 4 महिला कर्मचारियों के सैंपल लिए थे। इनमें एक भोजनमाता व 13 छात्राएं पॉजिटिव आई थी। इसके बाद बाकी छात्राओं व स्टाफ के दोबारा से सैंपल लिए गए तो छह छात्राएं, एक कर्मचारी व पहले से संक्रमित भोजनमाता के परिवार के छह अन्य लोग भी संक्रमित मिले थे। इसके बाद गांव में अभियान चलाकर सैंपलिंग की गई थी। पहले दिन गांव से कुल 83 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। सीएचसी खानपुर के अधीक्षक डॉ. विनीत कुमार ने बताया कि पहले दिन भेजे गए सभी 83 सैंपल की रिपोर्ट विभाग को मिल गई है। ये सारे सैंपल नेगेटिव आए हैं। बताया कि इनके बाद अभी तक लगभग तीन सौ सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। इनकी जांच हो चुकी है, पर विभागीय पोर्टल में तकनीकी दिक्कत होने के कारण इनकी रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड नहीं हो सकी है। डॉ. विनीत ने बताया कि विभाग की दो टीमें क्षेत्र के गांवों में घूमकर भी लोगों के सैंपल ले रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *