प्रशासन के आदेश के बाद भी नहीं खुला बिष्ट गांव का रास्ता

देहरादून। बिष्ट गांव में सरकारी रास्ता खुलवाने के लिए चक्कर काट रहे लोगों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। प्रशासन की जांच में मौके पर एक व्यक्ति का कब्जा पाया गया। उसकी बल्लियां तो हटा दी गईं। फिर भी वह लोगों को आवाजाही नहीं करने दे रहा है। बिष्ट गांव में एक आम रास्ते पर एक व्यक्ति ने कब्जा किया हुआ है। आरोप है कि उसने बांस के लक्कड़ लगाकर रास्ता रोक दिया। लोगों ने शिकायत की तो पटवारी रविकांत धानिया ने मौके पर जांच की। इस दौरान सरकारी रास्ते पर कब्जा पाया गया। उन्होंने रिपोर्ट एसडीएम को दी तो बीते 31 अक्तूबर को मौके से कब्जा हटवाया गया। साथ ही एसडीएम सदर की तरफ से राजपुर थाना पुलिस को रिपोर्ट भेजी गई। जिसमें एसडीएम ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई का निर्देश दिया। बिष्ट गांव के ग्राम प्रधान सोहन सिंह, स्थानीय निवासी शमशेर सिंह, सूरत सिंह, राकेश कुमार, बिजेंद्र का कहना है कि मौके पर बल्लियां तो हट गई। लेकिन मार्ग में जगह-जगह गड्ढे कर दिए गए हैं। इससे लोग आवाजाही नहीं कर पा रहे हैं। लोगों ने आवाजाही के लिए रास्ता समतल कराने और झाड़ियां कटवाने की कोशिश की। आरोप है कि इस दौरान भी कब्जा करने वाले ने विवाद किया। लोगों की मांग है कि प्रशासन और पुलिस मौके पर रास्ता खुलवाने में मदद करें। ताकि, लोगों की आवाजाही सुलभ हो सके। उधर, डीएम सोनिका का कहना है वह एसडीएम को निर्देश देकर मामले का समधान कराएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *