जाम बना मुसीबत, स्थानीय लोग और व्यापारी रहे परेशान

 

विकासनगर। मुख्य बाजार में जाम की समस्या से बाजार आने वाले लोग बेहद परेशान हैं। हर दिन लग रहे जाम के दौरान प्रशासनिक अमला अक्सर बाजार से नदारद रहता है। रविवार को भी बाजार में करीब एक किमी लंबा जाम लग गया, जिससे पूरे एक घंटे तक बाजार में छोटे-बड़े वाहन रेंगते नजर आए। जाम के कारण वाहनों में सवार यात्रियों के साथ ही पैदल राहगीर और व्यापारी सभी परेशान रहे। दिल्ली-यमनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित विकासनगर बाजार में एनएच के दोनों किनारों पर दिनभर खड़े आड़े तिरछे वाहन और फुटपाथ पर सजी दुकानों के कारण हर दिन जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। जौनसार बावर, टिहरी, उत्तरकाशी, पछुवादून और हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश के सीमांत गांवों का व्यापारिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र होने के कारण विकासनगर बाजार में यातायात का दबाव अधिक रहता है। साथ ही पैदल चलने वाले लोग भी बड़ी संख्या में एनएच से गुजरते हैं। एनएच के दोनों किनारों पर व्यापारिक प्रतिष्ठान हैं, जिससे दिनभर बाजार में भीड़ भाड़ लगी रहती है। रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बाजार में अन्य दिनों की अपेक्षा अधिक भीड़ थी। लोग निजी वाहनों से खरीदारी करने पहुंचे, जिससे दोपहर साढ़े बारह बजे के करीब बाजार में एक किमी लंबा जाम लग गया। जाम लगने से एक घंटे तक वाहन फंसे रहे। व्यापारिक प्रतिष्ठानों के सामने जाम लगने से व्यापारी भी परेशान दिखाई दिए। व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि अक्सर बाजार में जाम की समस्या पैदा हो जाती है। प्रशासन की ओर से इस समस्या का हल नहीं निकाला जा रहा है। उधर, एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन और नगर पालिका प्रशासन के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे समस्या का स्थाई हल मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *