गोमती नदी में डाला जा रहा मलबा, कार्रवाई की मांग की

बागेश्वर। नगर के असामाजिक तत्वों द्वारा गोमती नदी पर मलबा डालकर नदियों को प्रदूषित किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है, जिस कारण एक बार फिर गोमती नदी को ट्रेंचिंग ग्राउंड के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। लोनिवि ने इस स्थान पर मात्र मलबा न डालने का बोर्ड लगाकर कर्तव्य की इतिश्री समझ ली है। बागेश्वर-गिरेछीना मोटर मार्ग में थोणाई के पास प्रतिवर्ष कई निर्माणकर्ताओं द्वारा अपने घरों का मलबा डाला जा रहा है। इन परिवारों द्वारा दिन में ही डंपर और पिकअप समेत कार में मलबा और घरों की गंदगी भरकर इस स्थान पर डाली जाती है। यह क्रम पिछले तीन सालों से चल रहा है। इधर, गत दिनों से नदीगांव में एक भवन निर्माणकर्ता द्वारा फिर से डंपरों में भरकर मिट्टी और कंकड़ को इस स्थान पर डाला जा रहा है, परंतु इसे रोकने वाला कोई नहीं है। स्थानीय ग्रामीणों ने जब इसका विरोध किया तो उनके द्वारा अभद्रता की जा रही है। इन परिवारों द्वारा उसी स्थान पर मलबा डाला जा रहा है, जहां पर लोक निर्माण विभाग ने गत वर्ष मलबा नहीं डालने की अपील का बोर्ड लगाया है। गोमती नदी में मलबा डालने से गोमती नदी प्रदूषित हो रही है। बता दें कि यह गोमती नदी आगे चलकर सरयू नदी में मिलती है, जिससे सरयू नदी भी प्रभावित हो रही है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका, लोनिवि समेत प्रशासन से इसका पता लगाकर मलबा डालने वालों क खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इधर, एसडीएम हरगिरी ने बताया कि क्षेत्र में नियमित गश्त की जाएगी। मलबा फेंकने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *