युवा विश्व मुक्केबाजी : 5 भारतीय क्वार्टरफाइनल में

नईदिल्ली

भारत के 5 मुक्केबाजों ने पोलैंड के किलसे में चल रही पुरूष और महिला युवा विश्व चैम्पियनशिप में अपने अंतिम-16 मुकाबले आसानी से जीतकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। महिलाओं में गीतिका (48 किग्रा) ने शनिवार को अंतिम आठ में जगह पक्की की। पुरुषों के दल में एशियाई रजत पदक विजेता अंकित नरवाल (64 किग्रा), बिश्वामित्र चोंगथाम (49 किग्रा), सचिन (56 किग्रा) और विशाल गुप्ता (91 किग्रा) देश के लिये पदक पक्का करने से केवल एक एक जीत दूर हैं। निशा गुर्जर (64 किग्रा) का अभियान हालांकि लातविया की बिट्राइस रोजेंटेल से 1-4 से हारकर समाप्त हो गया। इससे पहले गीतिका ने कजाखस्तान की अरेलिम मरात पर 5-0 से जीत हासिल की। चोंगथाम ने मेहदी कोहस्रोशाही को इसी अंतर से मात दी जिसके बाद सचिन ने डेविड जिमेनेज वाल्डेज को सर्वसम्मत फैसले में पराजित किया। नरवाल ने पोलैंड के ओलिवियर जामोस्की पर 4-1 से जीत दर्ज की जबकि विशाल ने प्री क्वार्टरफाइनल में क्रोएशिया के बोर्ना लोंकारिच को हराया। भारत ने इस टूर्नामेंट के लिये 20 सदस्यीय टीम (10 पुरूष और 10 महिला मुक्केबाज) भेजी है जिसमें 52 देशों के 414 मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *