लालतप्पड़ में ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का विरोध

ऋषिकेश। उत्तराखंड परिवहन महासंघ ने लालतप्पड़ माजरीग्रांट में ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक बनाए जाने का विरोध किया है। महासंघ ने एआरटीओ कार्यालय ऋषिकेश के पास आवंटित भूमि पर ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का निर्माण न किए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने ऋषिकेश में ही ड्राइविंग टेस्ट की व्यवस्था करवाने की मांग की। शुक्रवार को उत्तराखंड परिवहन महासंघ की बैठक संयुक्त रोटेशन कार्यालय में हुई। अध्य्क्ष सुधीर राय ने लालतप्पड़ माजरीग्रांट में पीपीपी मोड पर बनाए गए ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का विरोध किया। उन्होंने कहा कि ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक का निर्माण एआरटीओ कार्यालय ऋषिकेश में ही किया जाना चाहिए। क्योंकि, एआरटीओ कार्यालय को पूर्व में ही ट्रैक के लिए जमीन आवंटित की गई थी। यहां वन विभाग की ओर से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी दिया गया था। फिर भी 20 किलोमीटर दूर ट्रैक का निर्माण करा दिया गया, जो अनुचित है। यातायात पर्यटन विकास सहकारी संघ के अध्यक्ष मनोज ध्यानी ने कहा कि ट्रैक का निर्माण एआरटीओ कार्यालय में ही कराया जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी न झेलनी पड़े। बैठक में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल से मुलाकात कर वार्ता करने और मांग पूर्ण नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *