ग्रामीण ने लगाया पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप, जांच शुरू

विकासनगर। सोरना डोभरी निवासी एक ग्रामीण ने अल्पसंख्यक आयोग को भेजे एक शिकायती पत्र सहसपुर थाने में तैनात एक एसआई और कांस्टेबल पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। अल्पसंख्यक आयोग ने एसएसपी देहरादून को पत्र भेजकर मामले की सक्षम अधिकारी से जांच कराने आदेश दिए हैं। मामले की जांच एसपी देहात ने शुरू कर दी है। बशीरुद्दीन पुत्र इमाम बख्श निवासी सोरना डोभरी ने आयोग को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि उसका जमीन के क्रय विक्रय को लेकर एक व्यक्ति से विवाद चल रहा है। आरोप लगाया कि सहसपुर थाने में तैनात एक एसआई और कांस्टेबल ने दूसरे पक्ष के साथ मिलीभगत कर 4 अक्तूबर को उन्हें जबरन थाने ले गये। आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें डराया धमकाया और उत्पीड़न भी किया गया। रात दस बजे तक जबरन थाने में डरा धमका कर बैठाये रखा। इसके बाद जब उन्होंने दो लाख रुपये का चेक और पचास हजार रुपये की नगदी दूसरे पक्ष को दी तब उसे दस बजे रात थाने से छोड़ा गया। अल्पसंख्यक आयोग ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून को मामले की जांच करने का आदेश दिया है। जांच आदेश में यह भी निर्देश दिए गये हैं कि यदि जांच में दोष सिद्ध पाया जाता है तो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए  इस मामले में एसपी देहात कमलेश उपाध्याय का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी है। कहा कि जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *