दिवाली का कूड़ा 24 घंटे के भीतर निस्तारित करने के निर्देश

देहरादून। दीपावली के बाद दून शहर में करीब तीस मीट्रिक टन कूड़ा बढ़ गया है। स्वास्थ्य अनुभाग की ओर से निगम से अनुबंधित कंपनियों को यह बैकलॉग दूर करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अविनाश खन्ना ने बताया कि नगर निगम से अनुबंधित कंपनियों और कर्मचारियों को मंगलवार सुबह 10 बजे से लेकर बुधवार सुबह 10 बजे तक विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि कूड़े का निस्तारण ठीक से हो सके। सनलाइट कंपनी के प्रबंधक सूर्य प्रकाश फरासी ने बताया कि वार्डों के साथ ही कारगी डंपिंग साइट से तत्काल कूड़ा प्लांट पर भेजने के लिए अतिरिक्त वाहनों की संख्या बढ़ाई गई है। मेयर सुनील उनियाल गामा ने अन्य कंपनियों को भी निर्देश दिए हैं कि जरूरत के हिसाब से वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी करें। उन्होंने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सफाई कार्य की मॉनीरिंग में किसी प्रकार की कोताही न बरतें। ताकि आम जनता को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने शहरवासियों से भी कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *