मंदिर में हुई चोरी के मामले में हिस्ट्रीशीटर आरोपी गिरफ्तार

 

विकासनगर। विकासनगर पुलिस ने शिव मंदिर सरस्वती विहार हरिपुर में हुई चोरी के मामले में हिस्ट्रशीटर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी की गई नगदी बरामद की है। आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया हैं। जहां से आरोपी को जेल भेज दिया है। सौरभ गुप्ता पुत्र सुनील गुप्ता निवासी हरिपुर ढकरानी ने कोतवाली पुलिस को आठ अक्तूबर को तहरीर देकर बताया कि शिव मंदिर सरस्वती विहार हरिपुर से चोरों ने मंदिर की घंटी और दानपात्र तोड़कर नगदी चोरी की है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने व मुखबिर की सूचना के बाद पुलिस ने मंदिर में चोरी के मामले में एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी हैदर उर्फ जग्गा पुत्र गुलजार निवासी अंबाडी मोड के पास डाकपत्थर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने चोरी की घंटी, दान पात्र से चोरी के 975 रुपये की नगदी बरामद की। इसके अलावा चोरी के दौरान प्रयोग किये गये लोहे की पाइप, तीन ब्लेड, नल की हत्थी आदि बरामद किए हैं। कोतवाल शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।आरोपी हैदर उर्फ जग्गा कोतवाली विकासनगर में हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली पुलिस में चोरी, छेड़खानी, मारपीट, एनडीपीएस ऐक्ट, आर्म्स ऐक्ट सहित आठ मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी कुछ समय पूर्व ही चोरी के मामले में जेल से जमानत पर छूटकर आया और आते ही चोरी की एक और वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस की टीम में एसआई पंकज कुमार, कांस्टेबल अनिरुद्ध व पीआरडी जवान अंकित शामिल रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *