अधीक्षण अभियंता ने दिए अमलावा नदी पर बाढ़ सुरक्षा कार्य करने के निर्देश
विकासनगर। सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता ने साहिया और आसपास के क्षेत्रों में अतिवृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने अधीनस्थों को आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जगहों पर जल्द बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता आरके तिवारी सबसे पहले साहिया छानी पहुंचे, जहां उन्होंने बस्ती को अमलावा नदी से सुरक्षित करने के लिए दैवीय आपदा मद के तहत बाढ़ सुरक्षा कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही साहिया छानी के बीच से बहने वाले बरसाती खड्ड में बाढ़ सुरक्षा कार्य के लिए स्टीमेट बनाने को कहा। साहिया बाजार में खतरे वाले स्थानों पर अमलावा नदी किनारे आरसीसी ब्लॉक भरने और बस्ती की ओर मिट्टी भरने के निर्देश अधीनस्थ अधिकारियों को दिए। सरला खड्ड पर अधूरे पड़े बाढ़ सुरक्षा कार्यों को लेकर नाराजगी जताते हुए जल्द सभी कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह में निर्माण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिशासी अभियंता पीएन राय, सहायक अभियंता एमएस नेगी, राजस्व उप निरीक्षक सुखदेव जिनाटा, अमर सिंह, सतपाल राय, मोहन लाल शर्मा, कुंवर सिंह राय आदि मौजूद रहे।
