मारपीट मामले में क्रॉस केस

रुड़की। कस्बा स्थित शिव चौक निवासी एक व्यक्ति ने 8 नामजद और 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ घर में घुसकर तलवार और अन्य धारदार हथियारों से हमला करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। दूसरे पक्ष की ओर से भी गाली-गलौच और मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। कस्बा झबरेड़ा निवासी दीपक ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसके पिता राजपाल और भाई अशोक शिव चौक के पास पशु चारे की मशीन लगाकर पशु चारा बेचने का काम करते हैं। एक माह पूर्व कस्बा निवासी शेरखान उनकी चारा मशीन से चारा उधार लेकर गया था। शिव चौक के पास शेर खान का मेडिकल स्टोर भी है। उसका भाई अशोक मेडिकल स्टोर पर अपने उधार के पैसे मांगने गया था। उस समय मेडिकल स्टोर पर शेरखान, जुबेर अली खान, करीम खान, गुफरान, जुल्फिकार, लालू अहमद तथा शाहनवाज भी मौजूद थे। मेडिकल स्टोर पर जाकर अशोक द्वारा अपने उधार के पैसे मांगने पर उक्त लोगों ने उसे गाली गलौज कर वहां से भगा दिया। कुछ देर बाद उक्त सभी लोग के साथ लगभग 40 अन्य लोग भी शिव चौक के पास स्थित उनके घर में घुस आए तथा गाली गलौज करते हुए तलवार और अन्य धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में अशोक व राजपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर वहां पर अन्य लोग भी इकट्ठा हो गए, जिन्हें देख उक्त लोग बाद में देख लेने पर जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। दूसरी ओर से शेर खान ने तहरीर देकर बताया कि शिव चौक के पास उसकी मेडिकल स्टोर की दुकान है। अशोक उसकी दुकान पर कुछ दवाई लेने आया था। दवाई के पैसे मांगने पर वह गाली गलौच करते हुए चला गया। कुछ ही देर बाद अशोक, दीपक, राजपाल, मोहित, गोपी, राजू वहां पर आ गए तथा उनके साथ गाली गलौज व मारपीट की गई। मारपीट में जुबेर अहमद व करीम खान घायल हो गए। थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल का कहना है कि दोनों ओर से आई तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *