ठेकेदारों ने लोनिवि कार्यालयों में दूसरे दिन भी की तालाबंदी
अल्मोड़ा। हिमालयन वेलफेयर कान्ट्रेक्टर सोसाएटी से जुड़े ठेकेदारों ने पांच गुना अधिक रॉयल्टी समेत चार सूत्रीय मांगों को लेकर बुधवार को लोनिवि कार्यालयों में दूसरे दिन भी तालाबंदी की। शासन और सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आपदा में लगी जेसीबी मशीनें वापस लेने समेत उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर ठेकेदार संघ के अध्यक्ष कुंदन बिष्ट ने कहा कि निर्माण कार्यों में पांच गुना अधिक रॉयल्टी समेत लंबे समय से चार सूत्रीय मांगों के निराकरण की मांग उठा रहे है। लेकिन सरकार लगातार उनकी मांगों को अनदेखा कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द उनकी मांगों को नहीं माने जाने तक आंदोलन जारी रखने समेत आपदा में लगी ठेकेदारों की मशीनों को वापस लिये जाने की चेतावनी दी। तालाबंदी में उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह कनवाल, अकरम खान, दीवान आर्या, अकबर खान, भूपेंद्र भोज, गोपाल मेहता, अमर बिष्ट, किशन बिष्ट, मोहन सिंह समेत कई ठेकेदार मौजूद रहे।
