नाराज ग्रामीणों ने किया ऊर्जा निगम के एसडीओ का घेराव

बागेश्वर। जिला मुख्यालय से लगे आरे ग्राम पंचायत का घिरौली तोक में एक महीने से बिजली का संकट बना हुआ है। इसको लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। नाराज ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। यहां एसडीओ एसएस भंडारी का घेराव कर जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। साथ ही गावं को बनलेख फीडर से जोड़ने की मांग की है। सामाजिक कार्यकर्ता दीपक खेतवाल के नेतृत्व में ग्रामीण शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां ऊर्जा निगम के एसडीओ का घेराव किया। उनका कहना है कि कई कंपनियों ने वर्क फ्रॉम होम कर दिया है। कई युवा घरों से नौकरी कर रहे हैं। बिजली के अभाव में उनके लैपटॉप शोपीस बन गए हैं। उनकी नौकरी पर संकट गहराने लगा है। जब लाइट आती भी है तो वह सिफ दस मिनट के लिए आती है। इसमें भी लो वोल्टेज समस्या बनी हुई है। पंखे, फ्रिज आदि शोपीस बने हैं। उन्होंने गांव को बागेश्वर फीडर से हटाकर बनलेख फीडर से जोड़ने की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि दस दिन के भीतर समस्या नहीं सुलझी तो ग्रामीण 11वें दिन से धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे। इस मौके पर जसवंत भाकुनी, रवि खेतवाल, राजेंद्र, राहुल सिंह, हयात सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *