नई नियमावली को निरस्त करने की मांग
नैनीताल। कालाढूंगी किसान सेवा सहकारी समिति से जुड़े कर्मियों ने अपने संघ के आह्वान पर कालाढूंगी एसडीएम रेखा कोहली के माध्यम से प्रदेश के सहकारिता मंत्री को ज्ञापन भेजा है। इसमें कहा है कि सहकारिता के क्षेत्र में नई नियमावली से सहकारी समितियों व कृषकों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। कहा कि उत्तराखंड बहुउद्देशीय प्रारम्भिक कृषि सहकारी ऋण समिति कर्मचारी सेवा नियमावली 2021 को लागू करने से पहले इस दिशा में सभी की राय लेना जरूरी है। नियमावली में प्रबंधकीय समिति को बिल्कुल अधिकार नहीं दिए गए हैं। सरकार द्वारा संकल्प लिया गया था कि वैद्यनाथ कमेटी द्वारा दिए गए सुझावों को पूर्णरूप से लागू किया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने नियमावली को निरस्त करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में समिति अध्यक्ष शेखर जोशी, सचिव हेम तिवारी, गणेश दत्त रखोलिया, लक्ष्मण सिंह, तारादत्त सती, लवेश तिवारी, चंदन सिंह आदि शामिल रहे।
