शोषण से नाराज मजदूरों ने फैक्ट्री गेट पर किया प्रदर्शन

रुद्रपुर। बड़े वाहनों के पीछे लगने वाली ट्रिपर बनाने वाली एक फैक्ट्री के मजदूरों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर शोषण का आरोप लगाते हुए एक दिवसीय कामबंद हड़ताल कर फैक्ट्री गेट पर धरना दिया। उन्होंने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।
दिनेशपुर-मठकोटा मार्ग पर जयनगर स्थित ट्रक के चेसिस के पीछे लगने वाली ट्रिपर बनाने वाली एक फैक्ट्री के कई मजदूरों ने प्रबंधन पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए सोमवार को कामबंद करके फैक्ट्री गेट पर धरना देकर प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि प्रबंधन की ओर से पूर्व में जो सुविधाएं उन्हें दी जा रही थी, वर्तमान में वह नहीं मिल रही है। चार साल पहले जो मजदूरी उन्हें दी जा रही थी। वर्तमान में उससे भी कम मजदूरी दी जा रही है। दैनिक भत्ते को भी बंद कर दिया गया है। चार साल से ओवरटाइम का दर भी नहीं बढ़ाया गया है। जिससे उन्हें तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सभी समस्याओं का समाधान तत्काल नहीं होने पर आंदोलन जारी रखने की बात कही। उधर फैक्ट्री के प्लांट हेड योगेश बिष्ट का कहना है कि मजदूरों की सारी मांगे मान ली गई हैं। कागजी कार्यवाही में थोड़ा समय लग रहा है। उन्होंने सभी मजदूरों से हड़ताल समाप्त कर काम पर वापस लौटने की अपील की है। धरना देने वालों में तेज बहादुर, मंगल सिंह, रंजन कुमार, सुनील कुमार, आनंद कुमार सहित कई मजदूर शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *