सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई चोरी की घटना

*ऋषिकेश*

नगर निगम ऋषिकेश में सार्वजनिक नाले और नाली के ऊपर लगे लोहे के जाल भी अब सुरक्षित नहीं है। आवास विकास कॉलोनी में नाले के ऊपर लगे लोहे के जाल को चोर दिनदहाड़े ले उड़े। चोरी की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, इनसे पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले वीरभद्र बैराज मार्ग स्थित आवास विकास कॉलोनी में एक गली के किनारे आवासीय भवन से सटे नाले के ऊपर लगे लोहे के जाल को स्कूटर सवार दो युवकों ने चोरी कर लिया। सीसीटीवी कैमरे में चोरी की यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के मुताबिक दोपहर में आवास विकास स्कूटर से आए दो युवकों ने स्कूटर साइड में खड़ा किया। एक युवक निगरानी के लिए खड़ा रहा, जबकि दूसरा नाले के ऊपर लगे जाल को खोलने में लग गया। लोहे का जाल जैसे ही खुला दोनों युवक उसे स्कूटर में लादकर चलते बने। लोहे के जाल की चोरी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी है। घटना की सूचना पूर्व पार्षद अशोक पासवान और अन्य लोगों ने कोतवाली पुलिस को दी।

पुलिस के मुताबिक बुधवार को स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि आवास विकास कॉलोनी में सड़क किनारे नाली से लोहे के जाल को दो लोग चुरा कर स्कूटर से ले गए। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में पुलिस को लिखित शिकायत नहीं मिली। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *