पानी के मनमाने बिलों में कटौती की मांग को यूकेडी ने सौंपा ज्ञापन

देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल नथुआवाला में पानी के मनमानी बिलों के खिलाफ उत्तराखंड जल संस्थान की मुख्य महाप्रबंधक नीलिमा गर्ग से मुलाकात कर अपना आक्रोश जाहिर किया और मनमाने बिलों को कटौती की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। यूकेडी नेता शिवप्रसाद सेमवाल के नेतृत्व में नेहरु कॉलोनी स्थित जल भवन में हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने इस बात पर आक्रोश जताया कि नथुआवाला में 3 उपभोक्ताओं के बिल तो 18 से 19 हजार तक आए हैं। साथ ही दो के पानी बिल 16 से 17 हजार तक आए हैं। इसी तरह से 20 उपभोक्ताओं का बिल 9 से 15 हजार तक आए हैं। नथुआवाला में पानी के बिल बिजली के बिलों से भी तीन चार गुना अधिक आने से लोग हैरान हैं। उन्होंने जल संस्थान अधिकारियों से पानी के बिल तय करने की नई पॉलिसी को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि कई घरों में पानी का इस्तेमाल ही नहीं हुआ, क्योंकि घर बंद थे, लेकिन इसके बावजूद भारी भरकम बिल आए। यूकेडी नेता विशन कंडारी ने कहा कि यदि बिलों में कटौती नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन होगा। रवींद्र सेमवाल ने पानी के मीटरों में गड़बडी का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *