अवैध केमिस्ट संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी

उत्तरकाशी। थाना धरासू में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में एसपी अर्पण यदुवंशी ने जन शिकायतों को सुनते हुए पुलिस अधिकारियों को मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान लोगों ने शिकायत की है कि चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में अवैध रूप से केमिस्ट दुकानें संचालित हो रही हैं, जिनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कांवड़ सीजन में यातायात व्यवस्था सुधारने और नशा बेचने और खरीदने पर भी रोक लगाने की मांग की।
जनसंवाद कार्यक्रम में एसपी के समक्ष समस्याओं को रखते हुए फरियादियों ने बताया कि क्षेत्र में तेज गति व लापरवाही से नाबालिग दुपहिया वाहन चलाते हैं, जिससे अक्सर सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों ने कहा कि पुलिस इसे गंभीरता से ले। इसके अलावा चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में अवैध केमिस्ट की दुकानें संचालित की जा रही हैं जिनके द्वारा नशीली दवाइयां व इंजेक्शन बेचे जा रहे हैं। कांवड यात्रा के दौरान कांवडियों के द्वारा नशीले पदार्थों का क्रय-विक्रय होता है, जिस पर रोक लगे। कांवड मार्ग पर पड़ने वाले दुकानों, होटलों एवं ढाबों पर रेट लिस्ट लगाने और बाजारों में अवैध अतिक्रमण को हटाने की मांग भी रखी गई। एसपी अर्पण यदुवंशी ने तमाम शिकायतों पर जरूरी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके साथ ही लोगों को साइबर अपराध से बचने की नसीहत दी। कहा कि साइबर अपराध होने पर तुरन्त 1930 पर कॉल करें। इस मौके पर सीओ अनुज कुमार, थानाध्यक्ष दिनेश कुमार, विनोद पंवार, अनूप नयाल, जोत सिंह बिष्ट, विजय बडोनी, अमित सकलानी, कृष्णा नौटियाल आदि भी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *