नशा छोड़ने को किया जा रहा जागरूक
पौड़ी। 75वें आजादी के अमृत महोत्सव के तहत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र पौड़ी द्वारा एक माह तक चलने वाले मेरा उत्तराखंड व्यसन मुक्त उत्तराखंड जन जागरूक अभियान के तहत एलईडी वाहन व गोष्ठी के माध्यम से लोगों को व्यसन छोड़ने को लेकर जागरूक किया जा रहा है। जिले में अभी तक विकासखंड पौड़ी, कोट, खिर्सू, पाबौ के विभिन्न गांवों में अभियान पूरा हो चुका है। संस्था द्वारा जन जागरूक अभियान के तहत स्वैच्छा से अभी तक 5 लोगों ने व्यसन से छुटकारा पाया है। जिन्हें संस्था द्वारा सम्मानित भी किया गया है। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र पौड़ी द्वारा पिछले 8 महीने से विभिन्न जिलों में मेरा उत्तराखंड व्यसन मुक्त उत्तराखंड अभियान चलाया जा रहा है। संस्था द्वारा ग्राम पंचायतों में गोष्टी कर नशा से मुक्ति पाने हेतु विभिन्न जानकारी दी जा रही है। संस्थान के गढ़वाल प्रबंधक बीके महरचंद ने बताया कि यह अभियान जिले के सभी ब्लाकों में चलाया जाएगा। जिसमें गांवों में गोष्ठी, पोस्टर, एलईडी वाहन के माध्यम से नशा के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। बताया कि लोगों को नशा छोड़ने हेतु निशुल्क होम्योपैथिक दवाईयां भी वितरित की जा रही है। कहा कि संस्था का उद्देश्य उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाना है, जिससे नई पीढ़ी पर भी प्रभाव न पड़ें। कहा कि वर्तमान समय में नशा बहुत तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोग विभिन्न बिमारियों से जूझ रहे हैं। कहा कि हर व्यक्ति को नशा से छुटकारा पाने हेतु प्रेरणा लेनी चाहिए। वहीं बुधवार को पौड़ी ब्लाक सभागार में गोष्ठी का आयोजन किया गया। साथ ही आशा व आंनगबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा लोगों को नशा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस मौके पर ब्लाक प्रमुख दीपक खुगशाल, बीके नीलम, बीके सुमन, बीके रतन, पूरण आदि शामिल थे।
