रिश्तेदार पर फसल बर्बाद करने का आरोप
रुड़की। खानपुर थाने के अब्दुल रहीमपुर गांव निवासी प्रमोद कुमार पुत्र विजेंद्र सिंह ने थाने में तहरीर देकर बताया कि लक्सर के कुड़ी नेतवाला गांव में उसका रिश्तेदार रहता है। रिश्तेदार से उसका पुराना विवाद चला आ रहा है। बताया कि उसने गांव के पास स्थित अपने खेत में गन्ना और पशुओं के हरे चारे की फसल बो रखी थी। आरोप लगाया कि विवाद के कारण रिश्तेदार ने उसके खेत में ऐसे रासायनिक पदार्थ का छिड़काव कर दिया, जिससे उसकी सारी फसल नष्ट हो गई है। गोवर्धनपुर चौकी प्रभारी नवीन चौहान ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में शिकायत सही मिली तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करेंगे।
