हरियाणा के तीन पर्यटकों के लिए देवदूत बनी जल पुलिस

ऋषिकेश। तपोवन क्षेत्र में स्थित नीम बीच नामक स्थान पर गंगा में नहाते समय पानी के तेज बहाव में आकर बह रहे हरियाणा के तीन पर्यटकों के लिए जल पुलिस फरिश्ता बनकर आयी। पुलिस ने रेस्क्यू कर तीनों को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान पुलिस ने एक स्थानीय युवक को भी डूबने से बचाया है। मुनिकीरेती थाना निरीक्षक रितेश साह ने बताया कि शुक्रवार को होली के दिन हरियाणा का 10 सदस्यीय दल घूमने यहां आया था। भ्रमण के बाद दल में शामिल कुछ पर्यटक तपोवन क्षेत्र के नीम बीच नामक स्थान पर पहुंचे और गर्मी का अहसास होने पर नहाने के लिए गंगा में उतर गए। इस बीच तीन पर्यटक अंकित कुमार (24) पुत्र सुशील कुमार, राहुल (26) पुत्र अश्विन गुप्ता, मधुर कुमार (24) पुत्र संजय कुमार निवासी 20/2, सिविल लाइन यमुनानगर, हरियाणा नहाते हुए गंगा में काफी आगे तक चले गए। तभी तीनों अचानक नदी के तेज बहाव में आकर बहने लगे। पर्यटकों की चीख-पुकार सुनकर वहां तैनात जल पुलिस ने स्थानीय राफ्टिंग गाइड की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों पर्यटकों को सकुशल पानी से बाहर निकाल लाए। वहीं, नीम बीच के पास एक स्थानीय युवक विपिन यादव (21) निवासी इंदिरा नगर, ऋषिकेश को भी गंगा में डूबने से बचाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *