शहर में हरि नाम नगर संकीर्तन यात्रा निकाली
ऋषिकेश। मुनिकीरेती स्थित मधुबन आश्रम में चैतन्य महाप्रभु का आविर्भाव महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान शहर में हरि नाम नगर संकीर्तन यात्रा भी निकाली गई। शनिवार को मधुबन आश्रम से ब्रह्ममुहूर्त में हरि नाम नगर संकीर्तन यात्रा आरंभ हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आश्रम पहुंचकर संपन्न हुई। संकीर्तन यात्रा में हरे कृष्ण-हरे राम की धुन गुंजायमान रही। पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर श्रद्धालु गाते झूमते आगे बढ़ रहे थे। आश्रम परिसर स्थित मंदिर में शाम को महाप्रभु एवं नित्यानंद का महाअभिषेक किया गया। आरती और कीर्तन प्रवचन हुआ। आश्रम के अध्यक्ष परमानंद दास ने कहा कि भगवान की सेवा ही हम पर उनकी अनुकंपा बनाए रखती है। मौके पर देवभूमि विश्व नागरिक संगठन के हरीश धींगरा, कमल सिंह राणा, सुदामा सिंघल, राजीव कालरा, चंद्रभूषण कपूर, इंद्रमोहन पाहवा, ओपी मेनी, वृंदावन, हरिभक्त दास, धर्मराज दास, राधा गोविंद दास, श्याम सुंदर, आश्रम प्रबंधक हर्ष कौशल आदि मौजूद रहे।
