गुलदार के हमले में एक की मौत  

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी जिले में जंगली जानवरों का आतंक जारी है। जनपद के ब्रह्मखाल इलाके के बदाली गांव में एक व्यक्ति को गुलदार ने अपना निवाला बना डाला। ग्रामीणों ने प्रशासन से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। जानकारी के अनुसार बीती रात बदाली गांव निवासी मगनू ब्रह्मखाल बाजार से देर रात को अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक उस पर गुलदार ने हमला कर दिया। इसके बाद रविवार को सुबह लोगों को मगनू का शव जंगल में क्षत-विक्षत हालत में मिला है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि छह माह से यह गुलदार इलाके में दहशत का पर्याय बना हुआ है। कई बार आने-जाने वाले दुपहिया वाहनों पर गुलदार झपट चुका है। साथ ही कई पालतू जानवरों को अपना निवाला बना चुका है। ग्रामीणों ने डीएम से लेकर वन विभाग तक कई बार गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। ग्रामीणों ने विभाग से गुलदार को आदमखोर घोषित कर गोली मारने के आदेश जारी करने की मांग की है। फिलहाल गुलदार के आंतक से क्षेत्र के लोगों में दहशत व्याप्त है।
उधर, मगनू के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। गुलदार के हमले में मौत की सूचना के बाद आसपास के सैकड़ों लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों का कहना है कि जब तक वन विभाग और प्रशासन गुलदार के आतंक से निजात दिलाने को लिखित आश्वासन नहीं देते, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे।
ब्रह्मखाल क्षेत्र में गुलदार के आतंक से निजात दिलाने के लिए वन विभाग के अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। विभाग की ओर से गुलदार को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *