नगर पालिका कर्मियों के वेतन को 5.69 करोड़ रुपये मिले
नैनीताल। शासन की ओर से नगर पालिका नैनीताल को कर्मियों व पेंशनर्स के वेतन व पेंशन के लिए 5.69 करोड़ रुपये अवमुक्त कर दिये हैं। इससे लंबित वेतन मिलने का रास्ता साफ हो गया है। पालिकाध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी की ओर से कर्मचारियों को 10 दिन में वेतन देने के आश्वासन की समयावधि पूर्ण होने से पूर्व धनराशि अवमुक्त होने से पालिका प्रबंधन ने राहत की सांस ली है। पालिका कर्मियों व पेंशनर्स को बीते तीन माह से वेतन नहीं मिल पाया था। इसके चलते देवभूमि सफाई कर्मचारी सगंठन व निकाय कर्मियों ने कार्य बहिष्कार किया। इसका असर नगर की सफाई व्यवस्था पर पड़ने लगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी व अधिशासी अधिकारी अशोक वर्मा ने दून पहुंचकर शासन से भुगतान की मांग की। इसके बाद कर्मियों को वेतन व पेंशन का आश्वासन देकर हड़ताल समाप्त करवाई। ईओ वर्मा ने बताया सोमवार से कर्मचारियों को वेतन व पेंशन के भुगतान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
