मंडी: दो सड़क हादसों में एक की मौत, तीन घायल

 

गोहर(मंडी)

हिमाचल के मंडी जिले में सराज के पनसीनाला के पास कार गिरने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई है। हादसा बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उस वक्त हुआ जब चालक ने घर के पास गाड़ी मोड़नी चाही। कार बर्फ के ऊपर से फिसल गई और लगभग 150 मीटर की गहरी खाई में लुढ़क गई। इससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ी के गिरते ही आसपास के लोगों घटनास्थल पर राहत कार्य में जुट गए। हादसे के वक्त कार में चालक अकेले ही सवार थे। पुलिस ने मरने वाले की पहचान हेम राज ठाकुर पुत्र मंगल सिंह ठाकुर निवासी छोयाधार डाकघर और उप तहसील बागाचनोगी के रूप में की है।

मृतक बालीचौकी क्षेत्र से एक दैनिक अखबार के साथ जुड़े थे। जिला सर्व देवता सेवा समिति के मुख्य सलाहकार भी थे। उनकी आकस्मिक मौत से देव समाज शोक में है। एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। प्रेस क्लब मंडी के मुरारी शर्मा, मुनीश सूद, हंस राज सैनी, धर्म चंद वर्मा, अमन अग्निहोत्री, बीरबल शर्मा, हेमकांत कात्यायन, दीपेंद्र मांटा, वीरेंद्र भारद्वाज ने मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

थुनाग के चैड़ा नाला में कार खाई में गिरी, युवती समेत दो घायल

वहीं, चैल-जंजैहली सड़क मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक युवती समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल थुनाग में उपचार के लिए भर्ती किया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ जंजैहली संजीव कुमार ने बताया कि कार में सवार होकर गोशाल सिंह, राकेश पुत्र परम देव निवासी कचूट और चेतना कुमारी उर्फ गोल्डी पुत्री घनश्याम निवासी थाच बुधवार सुबह बगस्याड से थुनाग जा रहे थे। इस दौरान कार अनियंत्रित होकर 200 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। जिसमें तीनों घायल हो गए। तीनों घायलों को सिविल अस्पताल बगस्याड उपचार के लिए भर्ती किया। यहां से चेतना और राकेश को मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *