बालगीत संग्रह पुस्तक का घुघूति-बासूति विमोचन
पिथौरागढ़। उत्तरायणी पर्व पर म्योर पहाड़-मेरी पछ्याण के संचालक हेम पंत की घुघूति-बासूति पुस्तक का विमोचन हुआ। पुस्तक का विमोचन करते हुए डॉ. अशोक कुमार पंत ने उनके इस प्रयास को सराहा। उन्होंने कहा पुस्तक में उत्तराखंड के बाल गीतों में निहित बाल उत्सुकता, नटखटपन, क्रीड़ा, ज्ञान व खेल-खेल में सीखने की पारंपरिक विधाओं पर प्रकाश डाला है, जिसका बच्चों को खासा लाभ मिलेगा। इस मौके पर ऑनलाइन गोष्ठी भी हुई। जिसमें मुंबई से डॉ. दिवा भट्ट, देहरादून से कमला पंत, बागेश्वर से चारू चंद्र तिवारी सहित कई लोगों ने उत्तरायणी पर्व के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। इस मौके पर साहित्यकार महेश पुनेठा, विल्पल भट्ट, दिनेश पंत सहित कई लोग शामिल रहे।
