डॉक्टर के परिवार पर तमंचा ताना
रुड़की।
डॉक्टर की पत्नी और बच्चों के साथ कार सवारों ने मारपीट कर तमंचा तान दिया। कार सवारों ने बाद में परिवार को घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी। शोर-शराबा होने पर कार सवार वहां से फरार हो गए। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गंगनहर कोतवाली को डॉ. रविंद्र कुमार टिकोला कला मंगलोर हाल निवासी आर्य विहार गणेशपुर ने तहरीर देकर बताया कि बुधवार शाम को पत्नी बच्चों के साथ पड़ोसन से मिलकर वापस घर लौट रही थी। इस बीच पीछे से आए कार सवार युवकों ने पत्नी और बच्चों के साथ अभद्रता की। बीच-बचाव में बच्चे आए तो कार सवार एक युवक ने परिवार पर तमंचा तान दिया। घबराकर परिवार किसी तरह घर में जान बचाने के लिए घुस गया। लेकिन कार सवारों ने अपना आतंक कम नहीं किया और घर में घुसकर परिवार से अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी। शोर शराबा होने पर क्षेत्रवासी इकट्ठे हुए तो कार सवारों वहां से फरार हो गए। इंस्पेक्टर ऐश्वर्य पाल ने बताया कि राहुल, रोहित निवासी रुड़की समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी पुलिस खंगाल रही है। कार नंबर के आधार पर भी युवकों की तलाश में पुलिस जुटी है।
