विस अध्यक्ष ने की एमडीडीए कार्यों की समीक्षा

ऋषिकेश।

आगामी विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही विकास कार्यों को लेकर चहलकदमी तेज हो गई है। शनिवार को ऋषिकेश में एमडीडीए के कार्यों की विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पूर्ण होने वाले निर्माण कार्यों का उद्घाटन और शुरू होने वाले कार्यों का शिलान्यास जल्द करवाने के निर्देश दिए। शनिवार को बैराजमार्ग स्थित कैंप कार्यालय में विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण(एमडीडीए) के अधिकारियों संग बैठक की। उन्होंने ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एमडीडीए द्वारा किए जा रहे विभिन्न कार्यों व प्रस्तावित कार्यों को लेकर समीक्षा की। एमडीडीए के सचिव एमएस बर्निया ने बताया कि एमडीडीए के माध्यम से हरिपुर कला में 61.82 लाख रुपये, श्यामपुर भट्टा कॉलोनी में 31 लाख, भट्टोवाला में 11 लाख, हरिपुर कला में 83 लाख की लागत से सड़क मार्गों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। साथ ही गढ़ी मयचक में 11.80 लाख, हरिपुर कला में 34.87 लाख, गुमानीवाला में 15.45 लाख, श्यामपुर भल्ला फार्म में 13.80 लाख, श्यामपुर में 6.81 लाख, इंद्रानगर में 10.70 लाख रुपये की लागत से आंतरिक सड़क मार्गों का निर्माण कार्य प्रस्तावित है, जिसमें विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। इसके अलावा त्रिवेणी घाट पर सौंदर्यीकरण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। ऋषिकेश नगर में प्रस्तावित पार्किंग के लिए 21 दिसंबर को नगर निगम प्रशासन के साथ बैठक होनी है। विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि सभी कार्यों को गुणवत्ता पूर्ण तरीके से किया जाए। प्रस्तावित कार्यों को भी जल्द शुरू करवाया जाए। इसके अलावा नगर के सभी चौक चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जाए। मौके पर एमडीडीए के अधिशासी अभियंता श्याम मोहन शर्मा, सहायक अभियंता अजय मलिक, अवर अभियंता महिपाल सिंह अधिकारी, अवर अभियंता संजय पंवार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *