गोयल की पड़ोसी देशों से मिलकर काम करने की अपील

नयी दिल्ली

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पड़ोसी देशों के सहयोगी मंत्रियों से उपमहाद्वीप को रूपांतरित करने के लिए साथ मिल कर काम करने का आग्रह किया है। वह आज नई दिल्ली से वर्चुअल रूप से ‘‘सीआईआई: साझीदारी सम्मेलन-मंत्रीस्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे।
गोयल ने साऊदर्न अफ्रीकन कस्टम्स यूनियन जिसमें बोस्तवाना, नामीबिया, दक्षिणी अफ्रीका, स्वजीलैंड तथा लेसोथो शामिल है, के साथ भारत के आर्थिक संबंध बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत प्रमुख स्तंभों के रूप में पारदर्शिता और परस्पर लाभ तथा विकास के साथ समान विचारधारा वाले देशों के साथ एफटीए करने पर विचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आसियान, जापान, कोरिया के साथ विद्यमान एफटीए की भी समीक्षा करने पर विचार कर रहा है जिससे उन्हें सुदृढ़ बनाया जा सके तथा यूएई, ईयू, ब्रिटेन, इजरायल, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, रूस, ओमान तथा जीसीसी जैसे देशों के साथ व्यापार गठबंधन में वृद्धि को प्रोत्साहित कर रहा है।
श्री गोयल ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान, भारत अनुकूलता के एक स्रोत तथा भरोसेमंद साझीदार के रूप में उभरा है। उन्होंने यह भी कहा कि हमने सभी अंतरराष्ट्रीय सेवा प्रतिबद्धताओं को पूरी करने के लिए अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमता के साथ प्रयास किया था।
उन्होंने कहा कि महामारी के प्रकोप के दौरान, भारत न केवल महत्वपूर्ण चिकित्सा आपूर्तियों, पीपीई, टेस्टिंग किट्स, मास्क, आदि के उत्पादन में आत्म निर्भर बन गया था, बल्कि इसने जरुरतमंद देशों को इन आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी की थी। उन्होंने भारत के अपनी तरह के पहले टीकाकरण अभियान को रेखांकित किया ।
श्री गोयल ने यह भी भरोसा दिलाया कि भारत जरुरतमंद देशों की सहायता करना जारी रखेगा क्योंकि हम मूलभूत रूप से भाईचारा, साझीदारी में विश्वास रखते हैं और समस्याओं का सामूहिक रूप से समाधान करने के लिए हमें एक साथ मिल कर काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारत ने महामारी के दौरान अपने पड़ोसी देशों पर ध्यान केंद्रित किया था और टीकों तथा चिकित्सा आपूर्तियों के साथ अपने सभी मित्रों की सहायता के लिए उनके साथ तैयार रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *