सेंसेक्स 777 अंक उछला, निफ्टी 17,400 अंक के ऊपर हुआ बंद

नई दिल्ली  ।
शेयर बाजारों में तेजी का सिलसिला बृहस्पतिवार को भी जारी रहा और बीएसई सेंसेक्स 777 अंक उछलकर बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर नकारात्मक रुख के बावजूद सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाले एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, इन्फोसिस और टीसीएस में तेजी के साथ बाजार में मजबूती आई।
तीस शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 776.50 अंक यानी 1.35 प्रतिशत मजबूत होकर 58,461.29 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 234.75 अंक यानी 1.37 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,401.65 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स के शेयरों में एचडीएफसी करीब चार प्रतिशत की तेजी के साथ सर्वाधिक लाभ में रहा। इसके अलावा पावरग्रिड, सन फार्मा, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा और बजाज फिनसर्व में भी तेजी रही।दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक प्रमुख हैं। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोर रुख के बावजूद घरेलू सूचकांकों में तेजी बनी रही। मजबूत घरेलू वृहत-आर्थिक आंकड़ों के बीच मुख्य रूप से आईटी, वित्तीय और धातु शेयरों में तेजी से बाजार में मजबूती आयी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का राजकोषीय घाटा चालू वित्त वर्ष में अक्टूबर तक बजटीय अनुमान का 36.3 प्रतिशत रहा। राजकोषीय घाटे के मोर्चे पर स्थिति बेहतर होने का कारण राजस्व संग्रह में सुधार है।
एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लाभ में रहें जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक और जापान का निक्की नुकसान में रहें। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख देखा गया। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.41 प्रतिशत चढक़र 70.53 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *