प्रेमी युगल को सुरक्षा देने का आदेश
रुडकी…..
हाईकोर्ट ने प्रेमी युगल को सुरक्षा देने के निर्देश दिए हैं। सिविल लाइंस पुलिस को युगल ने कोर्ट के आदेश की कॉपी दी। पुलिस ने युवती के परिजनों को उन्हें परेशान करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। यूपी के जिला सीतापुर क्षेत्र निवासी एक युवती की जान पहचान मुजफ्फरनगर निवासी युवक से हुई थी। दोनों के बीच करीब तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक कुछ समय से रुडक़ी में रहकर डेयरी और पुरानी कारों को खरीदने-बेचने का काम कर रहा था। दोनों ने शादी कर ली थी। आरोप है कि युवती के परिवार वाले उन्हें धमकी दे रहे थे। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट नैनीताल में सुरक्षा की गुहार लगायी थी। कोर्ट ने पुलिस को दोनों की जानमाल की सुरक्षा करने के आदेश दिए। गुरुवार को दोनों अपने अधिवक्ता के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस को कोर्ट के आदेश की कॉपी दी। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस राजेश साह ने बताया कि युवती के परिजनों को उन्हें परेशान न करने को कहा गया है। दोनों बालिग हैं, अगर उन्हें परेशान किया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
