केशव कॉम्प्लेक्स की दो दुकानों में लगी आग
लखनऊ।
लखनऊ के इंदिरानगर स्थित लेखराज मेट्रो स्टेशन के पास केशव कॉम्प्लेक्स के बसेमेंट में शॉप नंबर एक और दो में आग लग गई। दुकान से आग की लपटें निकलती देख हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं इंदिरानगर सेक्टर 9 इंसाफ नगर स्थित खाली पड़े प्लॉट में भी आग लग गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय कुमार सिंह ने बताया कि केशव कॉम्प्लेक्स स्थित रवि सिंह राठौर और सीतानाथ की दुकान में रात करीब 10 बजे आज लगने की सूचना पर तुरंत दो दमकल की गाड़ियों को रवाना किया गया। बेसमेंट में दुकान होने से चारों ओर धुआं ही धुआं भर गया। जिससे आग बुझाने में मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। शुरुआती जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है।आग से अभी नुकसान का आंकलन नहीं हो सका है। इंदिरानगर के सेक्टर 9 इंसाफ नगर स्थित खाली पड़े प्लॉट में आग लग गई। मौके पर पहुंची एक दमकल की गाड़ी ने समय रहते आग पर काबू पा लिया।
