नगर निगम के गृह कर मद की वसूली की हुई समीक्षा बैठक
लखनऊ।
नगर निगम में नगर आयुक्त के निर्देशानुसार शनिवार को एक बैठक मुख्यालय में आहूत की गयी। इस बैठक में अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी, समस्त जोनल अधिकारीगण, कर अधीक्षक तथा वार्ड के राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहें।
बैठक में उपस्थित समस्त जोनल अधिकारियों से आवंटित वार्डो में निर्धारित लक्ष्य के प्रति संतोषजनक वसूली कार्य न करने वाले निरीक्षक के संबंध में मंतव्य प्राप्त किया गया। प्राप्त मंतव्य के अनुसार जोन-1 के कर निरीक्षक विशाल श्रीवास्तव के कार्यो की समीक्षा की गयी। इनके द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप संतोषजनक वसूली न किए जाने पर अपर नगर आयुक्त द्वारा उचित कार्यवाही के निर्देश दिये गये। आगामी समय में उचित प्रगति न पाये जाने पर उनके विरुद्ध पदीय दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता के आरोप में समुचित विधिक कार्यवाही की जायेगी। इसी प्रकार जोन-2 के कर निरीक्षक हरिशंकर पांडेय, जोन-3 अंतर्गत राजस्व निरीक्षक उमेन्द्र कुमार व रूपाली को लक्ष्य के सापेक्ष संतोषजनक प्रगति न पाये जाने पर समुचित कार्यवाही के निर्देश दिये गये। जोन-4 की कर निरीक्षक रूपाली के बैठक में अनुपस्थित पाये जाने पर वेतन रोकने के निर्देश दिये गये। जोन-5 में कर निरीक्षक अनूप यादव, जोन-6 के अंतर्गत निरीक्षक सुमित यादव एवं अमृता सिंह के वसूली कार्यो की प्रगति संतोषजनक न पाये जाने पर उचित कार्यवाही के निर्देश दिये गये। जोन-7 में कर निरीक्षक स्वप्निल सिंह, तथा जोन-8 में कर निरीक्षक राजेश पटेल, प्रदीप हैम्पुल की वसूली न्यूनतम एवं संतोषजनक न होने पर समुचित कार्यवाही के निर्देश दिये गये। साथ ही अवगत कराया गया कि यदि लक्ष्य के प्रति वसूली में संतोषजनक सुधार नहीं होता है इनके विरुद्ध पदीय दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता के आरोप में कड़ी कार्यवाही की जायेगी। यह भी निर्देश दिये गये कि एक सप्ताह पश्चात पुन: बैठक आहूत कर उपरोक्तानुसार अधिकारियों द्वारा निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति हेतु कृत्य कार्यवाही की समीक्षा की जायेगी।
