सैफ ने लगाई बेटे के बॉलीवुड डेब्यू पर मुहर, करण जौहर के साथ करेंगे काम

दर्शकों को सैफ अली खान के बड़े साहबजादे इब्राहिम के बॉलीवुड डेब्यू का बेसब्री से इंतजार है और अब यह इंतजार खत्म होने वाला है। पिछले दिनों चर्चा थी कि इब्राहिम, करण जौहर की फिल्म से जुड़ गए हैं और अब खुद सैफ ने इस पर अपनी मुहर लगा दी है। उन्होंने बताया है कि उनका बेटा बॉलीवुड में कदम तो रख रहा है, लेकिन वह एक्टिंग नहीं कर रहा है।
अपने बड़े बेटे की नई पारी को लेकर खुद सैफ ने चुप्पी तोड़ दी है। उन्होंने कहा, इब्राहिम अपने पहले प्रोजेक्ट पर करण जौहर के साथ काम कर रहे हैं। वह करण जौहर को उनकी फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में असिस्ट कर रहे हैं। इब्राहिम फिल्म से असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर जुड़े हैं। सैफ ने यह भी बताया कि वह इब्राहिम से काम को लेकर बात करते रहते हैं।
बता दें कि कई सितारे बतौर एक्टर अपना करियर शुरू करने से पहले असिस्टेंट डायरेक्टर बन चुके हैं। एक्टिंग करने से पहले वे कैमरा के पीछे रहकर सारी चीजें सीखते हैं। वरुण धवन, सिद्धार्थ मल्होत्रा, रणवीर सिंह जैसे कलाकार पहले असिस्टेंट डायरेक्टर रह चुके हैं।
फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के जरिए करण जौहर पांच साल बाद बतौर निर्देशक वापसी कर रहे हैं। उन्होंने आखिरी बार 2016 में फिल्म ऐ दिल है मुश्किल के निर्देशन की कमान संभाली थी। रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में रणवीर सिंह, आलिया भट्ट, धर्मेंद्र, जया बच्चन और शबाना आजमी शामिल हैं। करण ने जुलाई में फिल्म की घोषणा की थी। उन्होंने बताया था कि यह प्रेम कहानी है, लेकिन यह कोई सामान्य प्रेम कहानी नहीं होगी।
पिछले दिनों सैफ ने कहा था, ऋतिक रोशन की तरह इब्राहिम को रुपहले पर्दे पर जबरदस्त एंट्री करनी चाहिए। जिस तरह से ऋतिक ने अपनी पहली फिल्म में धमाल मचाया था, वैसी ही शुरुआत इब्राहिम की होनी चाहिए। अभी इब्राहिम को बहुत कुछ सीखना है। सैफ ने कहा, इब्राहिम को सोशल मीडिया से दूर रहना चाहिए और समय पर पर्दे पर आकर धमाका करना चाहिए, क्योंकि हम बड़े पर्दे पर एक और नया चेहरा देखने का इंतजार कर रहे हैं।
इब्राहिम बॉलीवुड में आने से पहले ही लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। वह सोशल प्लेटफॉर्म पर काफी सक्रिय रहते हैं और उनकी काफी अच्छी फैन फॉलोइंग है। उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं। इब्राहिम बॉलीवुड के लोकप्रिय स्टार किड हैं। उनके लुक और फैशन सेंस को काफी पसंद किया जाता है। स्टाइल के मामले में वह अपने पिता को भी मात देते हैं। इब्राहिम मैगजीन के लिए फोटोशूट भी करा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *