शूटर संस्कार हवेलिया को युवा खेल रत्न पुरस्कार

लखनऊ ।

जूनियर स्तर पर अपनी अमिट छाप छोडऩ़े वाले उत्तर प्रदेश के उभरते हुए अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज संस्कार हवेलिया को खेलों में उनके शानदार योगदान के लिए युवा खेल रत्न पुरस्कार-2021 से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान राष्ट्रीय पुस्तक मेला के तहत मोती महल लॉन में एक समारोह में उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक डॉ. आरपी सिंह ने दिया जिसे संस्कार के पिता शक्ति प्रकाश हवेलिया ने प्राप्त किया। इस दौरान प्रसिद्ध खेल प्रेमी और अवधेश शुक्ला (उपाध्यक्ष, यूपी रोइंग एसोसिएशन) ने संस्कार हवेलिया को एक लाख रूपए की प्रोत्साहन राशि व्यक्तिगत तौर पर प्रदान की।
संस्कार वर्तमान में लीमा (पेरू) में 27 सितम्बर से दस अक्टूबर तक आयोजित विश्व जूनियर निशानेबाजी चैंपियनशिप में भारतीय टीम में शामिल है। संस्कार हवेलिया ने इस चैंपियनशिप में 50 मीटर राइफल प्रोन ओपन व्यक्तिगत में 11वां स्थान, 50 मीटर प्रोन मिक्स टीम इवेंट में नौंवा स्थान और 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन टीम इवेंट में पांचवां स्थान हासिल किया।
खेल निदेशक ने कहा कि संस्कार हवेलिया शूटिंग में अपने निशाने से अपने शहर की तस्वीर बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ में शूटिंग को बढ़ावा देने के समुचित प्रयास किए जा रहे हैं। फरीदाबाद की मानव रचना यूनिवर्सिटी में ग्रेजुएशन कर रहे 20 वर्षीय संस्कार दिल्ली की डा.कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में अभ्यास करते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *