रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया,  अव्यवस्था पर नाराजगी जतायी

ऋषिकेश।

रेल यात्री सुविधा समिति सदस्य गीता ठाकुर ने पुराने और योगनगरी रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। पुराने स्टेशन में गंदगी और योगनगरी स्टेशन में नलों से पानी नहीं आने पर नाराजगी जतायी। अधीनस्थों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
सोमवार शाम करीब 5 बजे रेल यात्री सुविधा समिति सदस्य गीता ठाकुर रेलवे रोड स्थित पुराने रेलवे स्टेशन पहुंचीं। यहां यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म पर जहां-तहां गंदगी देख उनका पारा चढ़ गया। मौके पर मौजूद रेल अधिकारी को फटकार लगाते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
समिति सदस्य गीता ठाकुर ने हरिद्वार बाईपास मार्ग पर स्थित योगनगरी रेलवे स्टेशन पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने वातानुकूलित यात्री प्रतीक्षालय, माल गोदाम, प्लेटफार्म और महिला टॉयलेट का निरीक्षण किया। प्लेटफार्म पर यात्रियों के हलक तर करने को लगे दो नलों से पानी नहीं आने पर नाराजगी जतायी। उन्होंने मौके पर मौजूद मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक रेलवे राजवीर शर्मा को पेयजल व्यवस्था ठीक करने, महिला टॉयलेट में सेनेट्री पेड मशीन और साबुन आदि के इंतजाम के निर्देश दिए। समिति सदस्य ने योगनगरी रेलवे स्टेशन से संचालित ट्रेनों की जानकारी ली। आश्वासन दिया कि यात्री सुविधा बढ़ाने के लिए रेलवे बोर्ड के चेयरमैन से वार्ता करेंगी। मौके पर मुख्य वाणिज्यिक पर्यवेक्षक एचएस मीणा, टीटी जीआर प्रसाद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *