कंगना को चुनाव में उतार सकती है भाजपा

घुमारवी।

शिमला से धर्मशाला जाते समय घुमारवीं के विश्राम गृह में थोड़ी देर के लिए रुके मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चारों सीटों पर होने वाले उपचुनावों के लिए जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा करने की बात कही है।
जयराम ठाकुर ने आरएनएस से बात करते हुए कहा कि भाजपा चुनाव समिति की बैठक में चारों सीटों पर उम्मीदवारों का नाम तय कर जल्द ही घोषणा कर दी जाएगी।
मंडी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में प्रतिभा सिंह का नाम लगभग तय होने पर अभिनेत्री कंगना को चुनाव में उतारने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव समिति की बैठक में ही नाम तय होने हैं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को ही चुनाव में टिकट दिए जाने का दावा किया है।
वहीं, कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह द्वारा अधिकारियों व कर्मचारियों पर दिए गए बयान को जयराम ठाकुर ने गैर जिम्मेदाराना बताते हुए कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि एक तरफ कहते हैं कि हमने काफी सरकारें देखी हैं, वहीं दूसरी तरफ कहते हैं कि वह पहली बार विधायक बने हैं।
जयराम ठाकुर ने किसान नेता राकेश टिकैत पर भी कृषि कानूनों को लेकर किसानों के मुद्दे उठाने के बजाय उन्हें गुमराह करने का आरोप लगाया है। जयराम ठाकुर के घुमारवीं पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री राजेंद्र गर्ग सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और जल्द ही घुमारवीं आने का न्यौता भी दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *