सेव द फॉरेस्ट की थीम पर आधारित होगी वरुण और कृति की फिल्म भेडिय़ा

वरुण धवन और कृति सेनन दोनों ही बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार हैं। ये दोनों काफी समय से अपनी आगामी फिल्म भेडिय़ा को लेकर चर्चा में हैं। वरुण ने फरवरी में आधिकारिक तौर पर इस फिल्म की घोषणा की थी। उन्होंने मार्च में इस फिल्म की शूटिंग शुरू की थी। अब फिल्म की कहानी से जुड़ी अहम जानकारी सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि फिल्म भेडिय़ा सेव द फॉरेस्ट की थीम पर आधारित होगी।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह फिल्म एक महत्वपूर्ण मुद्दे को रेखांकित करती है। एक सूत्र ने कहा, फिल्म भेडिय़ा सेव द फॉरेस्ट की थीम के इर्दगिर्द घूमती है। हालांकि, फिल्म को अमर कौशिक की शैली में हल्कु-फुल्के अंदाज में फिल्माया गया है। इस फिल्म का आखिरी शेड्यूल जून में मुंबई में शूट किया गया था। फिलहाल यह फिल्म पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में है। इस हॉरर कॉमेडी फिल्म का निर्देशन अमर ने ही किया है।
कोरोना महामारी के दौरान इस फिल्म की शूटिंग की गई है। फिल्म में वीएफएक्स जैसी तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, ताकि फिल्म का दृश्य संयोजन बेहतर किया जा सके। हॉरर फिल्मों की शूटिंग के लिए यह आवश्यक भी है। मैडॉक फिल्म्स ने फरवरी में एक टीजर वीडियो साझा किया था, जिसमें अभिनेता वरुण को पूर्णिमा की रात में एक भेडि़ए में बदलते हुए देखा गया था। टीजर के म्यूजिक और दृश्य हॉरर फिल्मों की तरह ही डरावने लगे थे।
फिल्म के टीजर को शेयर करते हुए कृति ने लिखा था, फिल्म स्त्री और रूही को भेडिय़ा का प्रणाम! फिल्म 14 अप्रैल, 2022 को सिनेमाघर में रिलीज होगी। वरुण और कृति इससे पहले भी रोहित शेट्टी की फिल्म दिलवाले में साथ काम कर चुके हैं। वरुण को अमर की फिल्म स्त्री काफी पसंद आई थी और वह इसी प्रकार की फिल्म करने के लिए उत्साहित थे। इस प्रोजेक्ट में भी वरुण एक राक्षस या दैत्य की भूमिका निभा सकते हैं।
कृति, लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी फिल्म मिमी को लेकर सुर्खियों में बनी हुई हैं। यह फिल्म हाल ही में रिलीज हुई है। फिल्म में उन्हें एक सेरोगेट मदर के किरदार में देखा गया है। इसके अलावा वह अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म बच्चन पांडे में अभिनय करती दिखेंगी। वरुण फिल्म रणभूमि को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में उनके साथ जाह्नवी कपूर भी दिखेंगी। इसके बाद उन्हें राज मेहता की फिल्म जुग जुग जियो में देखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *