केआईआईटी अपने दो स्टेडियम्स का नाम ओलंपियन और पैरालंपियन के नाम पर रखेगा

भुवनेश्वर ।

मानित विश्वविद्यालय कलिंग औद्योगिक प्रौद्योगिकी संस्थान (केआईआईटी) ने अपने दो स्टेडियमों का नाम पैरालंपियन और ओलंपियन के नाम पर रखने का फैसला किया है। केआईआईटी ने कैंपस-12 में इंडोर स्टेडियम का नाम पैरा बैडमिंटन एथलीट प्रमोद भगत के नाम पर रखने की घोषणा की है, जहां वह अभ्यास करते हैं। वहीं केआईआईटी के सिंथेटिक एथलेटिक स्टेडियम का नाम दुती चंद के नाम पर रखने का फैसला लिया है।
केआईआईटी और केआईएसएस के संस्थापक अच्युत सामंत ने एक समारोह में ओलंपियंस और पैरालंपियंस को बधाई देते हुए कहा कि दिसंबर 2021 में केआईआईटी के इन दोनों स्टेडियमों का नाम क्रमश: प्रमोद भगत और दुती चंद के नाम पर कर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि प्रमोद ने हाल ही में टोक्यो में संपन्न पैरालंपिक खेलों में बैडमिंटन में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और राज्य और देश के लिए कई अन्य पदक भी जीते हैं। केआईआईटी स्कूल ऑफ लॉ की दुती चंद हाल ही में संपन्न टोक्यो ओलंपिक खेलों सहित लगातार दो बार ओलंपिक में पहुंची हैं। उन्होंने एशियाड में दो रजत पदक भी प्राप्त किए हैं। वह केआईआईटी विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए विश्व विश्वविद्यालय खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली देश की पहली महिला भी बनी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *