विकास दुबे के गुर्गे के आतंक से परेशान पीड़ित परिवार ने आईजी को सुनाई दबंगई की दास्तान
कानपुर।
कुख्यात विकास दुबे का खात्मा हुए एक साल बीत गया,लेकिन उसके गुर्गों के कारनामों से उसका नाम सुर्खियों में बना रहता है। चौबेपुर के महराजपुर गाँव का एक परिवार विकास दुबे का करीबी रहा लाल जी अग्निहोत्री के आतंक से परेशान है। पीड़ित ने मंगलवार को आईजी को दबंग लालजी अग्निहोत्री की दबंगई की दास्तान सुनाई। जबरन जमीन पर कब्जा करने, मारपीट करने और धमकाने का आरोप लगाया। आईजी मोहित अग्रवाल ने जाँच कर कार्यवाही के आदेश दिए है।
मंगलवार को अशोक नगर स्थित कानपुर जर्नलिस्ट क्लब में प्रेसवार्ता में केशकली ने बताया कि 19 सितंबर को लालजी अग्निहोत्री अपने 10 साथियों के साथ आकर हमारी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मार देने की धमकी दी। जिसके बाद केशकली ने डायल 112 में सूचना दी और थाना चौबेपुर में लिखित शिकायत की, फिर भी पुलिस द्वारा दबंग लालजी अग्निहोत्री और उसके साथियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नही की गई। केशकली के अनुसार 30 वर्ष पहले उनके पति ने एक जमीन खरीदी थी जिसमे वो 1996 से मकान बनवाकर परिवार के साथ रह रही है। उसी जमीन का एक हिस्सा उनके रिश्तेदार के नाम था उसकी मृत्यु के बाद उसकी दूसरी पत्नी बगैर बंटवारा के जमीन धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अवैध तरीके से अशोक कुमार को बेच दिया। जिसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। उसके बावजूद दबंग लालजी अपनी दबंगई की दम पर जमीन में कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।
केशकली के पति प्रेम चन्द्र मिश्रा ने बताया कि लालजी अग्निहोत्री कभी कुख्यात विकास दुबे के लिये जमीनों में कब्जा करके औने-पौने में किसानों से बैनामा करवाया करता था। और अब विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद खुद का गैंग तैयार कर लिया है। इसका बिठूर थाने में पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है।
