20 सितंबर के कार्यबहिष्कार हेतु सभी से एकजुट होने की अपील की
पिथौरागढ़।
उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति ने चरणबद्ध आंदोलन के तहत उद्यान विभाग में गेट मीटिंग कर सरकार के खिलाफ नारे लगाए।20 सितंबर को होने वाले कार्यबहिष्कार के लिए सभी से एकजुट होने की अपील की गई। पिथौरागढ़ में कर्मचारियों ने 18 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उद्यान विभाग में मुख्य संयोजक कैलाश पंत के नेतृत्व में गेट मीटिंग हुई। उत्तराखंड अधिकारी कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के संयोजक सचिव चंद्रशेकर भट्ट ने कहा कि शासन स्तर पर हुए समझौते के बाद भी राज्य सरकार कार्मिकों की मांगों को नजरअंदाज कर रही है। जिसके विरोध में समन्वय समिति द्वारा चरणबद्ध तरीके से आंदोलन चलाया जा रहा है। सभा का संचालन करते हुए संयोजक सचिव बिजेंद्र लुंठी ने कहा कि प्रांतीय नेतृत्व द्वारा 18 सूत्रीय मांगों के समर्थन में होने वाले अंदोलन की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। कहा कि पूर्व भी भांति कार्मिकों को मिलने वाले एसीपी 10, 16, 26 वर्ष करने, मिनिस्ट्रीयल संवर्ग में भर्ती होने के लिए शैक्षिक योग्यता स्नातक करने, पुरानी पेंशन बहाल करने सहित अन्य मांगों पर जल्द कार्यवाही न होने पर कर्मचारी सडक़ों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
