कार्तिक और कृति की अला वैकुंठपुरमलो की हिन्दी रीमेक की शूटिंग नवंबर में होगी शुरू

कार्तिक आर्यन और कृति सेनन बॉलीवुड के चर्चित कलाकार हैं। पिछले कुछ समय से कार्तिक और कृति अपनी फिल्म अला वैकुंठपुरमलो की हिन्दी रीमेक को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में कृति कार्तिक के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। अब जानकारी सामने आ रही है कि इस फिल्म की शूटिंग आगामी नवंबर में शुरू हो सकती है। अला वैकुंठपुरमलो एक तेलुगु फिल्म है, जो सुपरहिट साबित हुई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, कृति ने इस फिल्म के लिए मेकर्स को अपनी डेट्स दे दी हैं। खबरों की मानें तो अला वैकुंठपुरमलो की हिन्दी रीमेक की शूटिंग नवंबर में शुरू हो सकती है। इस संबंध में आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है। हालांकि, सह-निर्माता अमन गिल ने इस खबर का खंडन नहीं किया है। उन्होंने कहा, वर्तमान में इस प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है और हम जल्द ही एक औपचारिक घोषणा करेंगे।
इस फिल्म की हिन्दी रीमेक का निर्माण अल्लू अरविंद, अमन गिल और एस राधा कृष्ण द्वारा किया जाएगा, जिन्होंने ऑरिजनल तेलुगु फिल्म का निर्माण किया था। फिल्म की शूटिंग जून में शुरू करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो पाया था। अब कृति ने फिल्म के लिए अपनी डेट्स दे दी हैं, इसलिए फिल्म की शूटिंग को नवंबर में शुरू किया जा सकता है। फिल्म का निर्देशन रोहित धवन करेंगे।
फिल्म को 2022 में त्योहारों के अवसर पर रिलीज किया जा सकता है। अला वैकुंठपुरमलो में साउथ स्टार अल्लू अर्जुन मुख्य भूमिका में थे। कृति और कार्तिक इससे पहले लुका छिपी में साथ काम कर चुके हैं। ऐसे में इन दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री फिर से देखने को मिलेगी। कृति को ऑरिजनल फिल्म के पूजा हेगड़े के किरदार के लिए चुना गया है। अब देखना है कि वह इस किरदार के साथ न्याय कर पाती हैं या नहीं।
त्रिविक्रम श्रीनिवास के निर्देशन में बनी एक्शन ड्रामा फिल्म अला वैकुंठपुरमलो ने रिलीज होकर बड़ा धमाका किया था। फिल्म की कहानी अल्लू के किरदार बंटू के इर्द-गिर्द घूमती है, जो लगातार अपने पिता द्वारा तिरस्कृत होते हुए बड़ा होता है और अपने असली माता पिता की खोज में लगा रहता है। अंत में बंटू को पता चल जाता है कि उसके असली पिता एक बहुत बड़े व्यापारी हैं, जो वैकुंठपुरमलो नाम के एक आलीशान घर में रह रहे होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *