बारिश के चलते कैंपटी फॉल ने लिया विकराल रूप, पर्यटकों की नो एंट्री

देहरादून।

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश आफत बनी हुई है। मसूरी सहित आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते पर्यटक स्थल कैंपटी फॉल में जल स्तर बढऩे के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा पर्यटकों सहित स्थानीय निवासियों को फॉल में जाने से रोक दिया है। इस बारे में जानकारी देते हुए कैंपटी फॉल थाना अध्यक्ष नवीन चंद्र ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के चलते कैंपटी फॉल ने विकराल रूप ले लिया है।  पर्यटकों को सुरक्षा के चलते फॉल में जाने से रोक दिया गया है । उन्होंने बताया कि बारिश के साथ पत्थर व लकड़ी के टुकड़े फॉल में आ रहे हैं जिससे फिलहाल पर्यटकों को फॉल में नहाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। बताया कि बारिश के चलते आसपास की दुकानों को खाली करा दिया गया है। फॉल में जाने वाले रास्तों पर भी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है ताकि कोई भी पर्यटक फॉल में न जा सके। दून में कोरोना मरीज धीरे-धीरे बढऩे पर वीक एंड पर फिर सख्ती शुरू हो गई है। शनिवार और रविवार को मसूरी जाने वाले पर्यटकों की चेकिंग की जाएगी। 72 घंटे की कोरोना जांच रिपोर्ट, मसूरी में होटल की बुकिंग दिखा पाने वालों को ही मसूरी जाने दिया जाएगा।  हाल में दून में कोरोना मरीज बढ़े हैं। ऐसे में जिलाधिकारी डा. आर राजेश कुमार ने पुलिस को पत्र लिखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *