जुलाई में बुनियादी उद्योग का उत्पादन 9.4 प्रतिशत बढ़ा
नयी दिल्ली।
कोरोना की दूसरी लहर के दबाव के बावजूद सरकार के अथक प्रयासों की बदौलत तेज रही आर्थिक गतिविधियों का परिणाम है कि इस वर्ष जुलाई में आठ बुनियादी उद्योगों के उत्पादन में पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 9.4 प्रतिशत की बढोतरी दर्ज की गई है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2021 में आठ बुनियादी उद्योग कोयला, कच्चा तेल, प्राकृतिक गैस, पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पाद, उवर्रक, इस्पात, सीमेंट और इलेक्ट्रिसिटी का उत्पादन 9.4 प्रतिशत बढ़कर 134 पर पहुंच गया है। वहीं, जुलाई 2020 में यह ऋणात्मक 7.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 122.5 रहा था। इन आठ प्रमुख उद्योग की औद्योगिकी उत्पादन सूचकांक में भारांक 40.27 प्रतिशत है।
बुनियादी उद्योगों इंडेक्स की विकास दर (संशोधित आंकड़ा) इस वर्ष अप्रैल में 62.6 प्रतिशत रही है जबकि प्रोविजनल आंकड़ों के अनुसार यह 56.1 प्रतिशत रहा था। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से जुलाई के दौरान इन उद्योगों की विकास दर वित्त वर्ष 2020-21 की समान अवधि के मुकाबले 21.2 प्रतिशत रही है।
