सडक़ की मांग को लेकर  गंगोलीहाट के लोगों ने निकाला जुलूस

पिथौरागढ़।

38 दिनों से सडक़ के लिए अनशन पर बैठे गंगोलीहाट के लोगों का हौसला आखिरकार जवाब दे गया। अब तक अनदेखी से आहत क्षेत्र के 10 से अधिक गांवों के युवा, बुजुर्ग, बच्चे व महिलाओं ने सरकार व प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए नगर में विशाल जुलूस निकाला। इसके बाद लोगों ने सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए धरना दिया। कहा लंबे समय से वे सडक़ के लिए धरने पर बैठे हैं। लेकिन उनकी सुननी वाला कोई नहीं है। कहा इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार व प्रशासन लोगों की परेशानी को लेकर किस कदर संजीदा है। बुधवार को गंगोलीहाट के सुरखाल पाठक, सुनखोला, बनेलागांव, दानुरा, चमलेख, धूड़ा, गाड़मे सहित विभिन्न गांवों के बुजुर्ग, महिलाएं, युवा व बच्चों सहित 500 से अधिक लोग मडक़नाली-सुरखाल पाठक सडक़ संघर्ष समिति के अध्यक्ष ललित बिष्ट के नेतृत्व में मुख्य बाजार पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारे लगाते हुए जुलूस निकाला। उन्होंने कहा इस सडक़ की घोषणा वर्ष 2015 में की गई थी। तब 12 किमी में महज 5 किमी सडक़ काटी गई, जिसका उनके लिए कोई औचित्य नहीं है। कहा पिछले 20 सालों से वे सडक़ के लिए संघर्ष कर रहे हैं। पिछले 38 दिनों से अनशन पर बैठे हैं। लेकिन उनकी नहीं सुनी जा रही। सरकार व प्रशासन को उनकी परेशानी से कोई सरोकार नहीं रह गया। कहा सडक़ न होने से 7 हजार से अधिक की आबादी को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। बीमारों व गर्भवतियों को डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाना उनकी मजबूरी बन गया है। कहा सरकार विकास के दावे कर रही है। लेकिन आजादी के 75 साल बाद भी उनके गांव तक सडक़ न पहुंचना इस दावों के खोखलेपन को साबित कर रहा है। इसके बाद लोग तहसील पहुंचे और धरना दिया। उनके धरने को स्थानीय व्यापारियों ने भी अपना समर्थन दिया। व्यापार संघ उपाध्यक्ष हरगोविंद रावल ने कहा 20 वर्षों से यहां के लोगों को कांग्रेस व भाजपा ने बारी-बारी से छला है। लोगों ने कहा अब आर-पार की लड़ाई का समय आ गया है। जब तक सडक़ निर्माण शुरू नहीं होता वे पीछे नहीं हटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *